मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अधिकाधिक बेटियों के हाथ पीले करने के लिए योगी सरकार ने खजाना खोल दिया है। पहले चरण में पौने चार करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। सामूहिक विवाह में फेरे लेने वाली बेटियों को 35-35 हजार रुपये और व्यक्तिगत अनुदान के तौर पर 20-20 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।
आदर्श आचार संहिता समाप्त होते ही योगी सरकार ने सबसे पहले बालिकाओं के हाथ पीले करने के लिए भारी भरकम बजट जारी किया है। सामूहिक विवाह में फेरे लेने वाली बेटियों के 51-51 हजार रुपये अनुमन्य किए गए हैं। इसमें 35-35 हजार रुपये बेटियों के खाते में भेजे जाएंगे और दस-दस हजार रुपये का सामान दिया जाएगा। जबकि छह हजार रुपये खान-पान में खर्च होगा। इस योजना के तहत 1,59,63,000 रुपये का बजट दिया गया है।
जबकि व्यक्तिगत शादी अनुदान योजना के तहत सामान्य वर्ग की बेटियों की शादी होने पर 20-20 हजार रुपये अनुदान के तौर पर दिया जाता है। इस योजना के तहत सामान्य वर्ग के बेटियों के लिए 1,03,60,000 रुपये और अनुसूचित जाति की बेटियों के लिए 1,12,60,000 रुपये का बजट आया है। समाज कल्याण अधिकारी एनएन द्यिवेदी ने बताया कि सामूहिक विवाह में प्रतिभाग करने के लिए बीडीओ और ईओ के कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। जबकि व्यक्तिगत शादी अनुदान के लिए आनलाइन आवेदन किया जा सकता है।