बढ़ैया गांव के पास सर्विस रोड पर पशु कारोबारी इम्तियाज अहमद को झांसा देकर 2.5 लाख नकदी उड़ा दी गई। तीन बदमाशों ने बाइक टकराने का बहाना बनाकर कारोबारी से विवाद करते हुए उसे बातों में उलझा लिया। फिर उसकी कार में रखा नकदी भरा बैग उड़ाकर भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पशु कारोबारी उतरांव के जलालपुर कस्बा के रहने वाले हैं। वह मवेशियों का कारोबार करते हैं। शनिवार सुबह वह बेटे ओसामा व कर्मचारी हलचल के साथ बैग में 2.5 लाख रुपये लेकर कार से मऊआइमा में लगने वाले मवेशी बाजार जा रहे थे। बढ़ैया गांव के पास वह हंडिया-कोखराज हाईवे से होते हुए सर्विस लेन से सोरांव की तरफ बढ़ रहे थे। लूसनपुर गांव के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर कार की गति धीमी हुई। तभी पल्सरसवार तीन लोग सामने आ गए।
कारोबारी ने कार रोकी तो तीनों आरोप लगाने लगे कि उनकी कार से बाइक में टक्कर लगी है। कारोबारी ने विरोध किया और इसके बाद तीनों उनसे बहस करने लगे। कुछ देर बाद तीनों शांत हो गए और वहां से चले गए। कारोबारी कार में बैठे तो यह देखकर उनके होश उड़ गए कि सीट पर रखा नकदी भरा बैग गायब था। उन्होंने मामले की सूचना दी तो सोरांव थाने की फोर्स पहुंच गई। पुलिस फोर्स सुरागरशी में लगी रही लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। घटना की जानकारी पर डीसीपी गंगापार अभिषेक भारती भी सोरांव थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।