विद्युत निगम ने जिले के 2,288 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी की आशंका में चिह्नित किया है। विद्युत निगम के अफसर जिलेभर के 65 उपकेंद्रों पर बुधवार व बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर चिह्नित उपभोक्ताओं की जांच करेंगे। साथ ही बिजली चोरी मिलने पर एफआईआर दर्ज कराएंगे।
अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि मीटर से बिजली केबल को अलग कर या फिर मीटर के अलावा दूसरी केबल से बिजली का प्रयोग करने वाले 2,288 उपभोक्ताओं को निगम ने चिह्नित किया है। इन उपभोक्ताओं के घरों का बिजली लोड अधिक है लेकिन मीटर रीडिंग कम आ रही है। इससे बिजली चोरी होने का अंदेशा है।
जनपद के सभी 65 उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में दो दिन सघन तलाशी अभियान चलाकर चिह्नित उपभाेक्ताओं के घरों की जांच की जाएगी। बिजली चोरी मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बाईपास कर बिजली चोरी करने पर एफआईआर
अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने सोमवार देर रात शहर में पांच उपभोक्ताओं के घरों पर जाकर जांच की। बकाया बिल नहीं जमा करने वाले एक उपभोक्ता के घर स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी की जानकारी मिली। इस पर अधीक्षण अभियंता ने एफआईआर दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि सभी उपभोक्ता अपना बकाया बिजली बिल अवश्य जमा करें। बिजली चोरी मिलने पर उपभोक्ता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।