मौनी की डुबकी लगाने को दिनभर निकलता रहा श्रद्धालुओं का रेला
स्टेशन, बस अड्डों पर रही भारी भीड़, चार पहिया वाहनों की लगी रही कतार हाइवे पर रुक-रुक कर लगता रहा जाम, चौराहों पर फोर्स की रही तैनाती
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कुंभ में मौनी अमावस्या पर पुण्य की डुबकी लगाने को लेकर श्रद्धालुओं में गजब की आस्था दिखी। शाही स्नान के दो दिन पूर्व शनिवार से ही श्रद्धालुओं का रेला प्रयागराज को निकलता रहा। शहर में सडक़ों व हाईवे पर दिनभर रुक-रुक कर जाम लगता रहा। जाम हटाने को लेकर दिनभर पुलिसकर्मी पसीना बहाते रहे।
प्रयागराज में कुंभ मेले का आगाज 14 जनवरी को पहले शाही स्नान मकर संक्रांति से हुआ था। सभी पांचों शाही स्नानों में मौनी अमावस्या सबसे अहम है। 4 फरवरी को मौनी अमावस्या का पर्व है। भीड़ को देखते हुए शनिवार से ही लोग प्रयागराज के लिए रवाना होने लगे। दिनभर शहर से होकर श्रद्धालुओं का रेला निकलता रहा। इससे शहर में घंटाघर, भगवाचुंगी, सदर बाजार से लेकर जोगापुर तक रुक-रुक जाम लगता रहा। बोलेरो, मैजिक , डीसीएम सहित मालवाहनों के सहारे श्रद्धालु सामान के साथ निकलते रहे। हाईवे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। इसके अलावा प्रयागराज को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों से भी श्रद्धालुओं का रेला दिखा। वाहनों की कतार लगी रही। संपर्क मार्गों से बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित था। वाहनों को नहीं जाने दिया जा रहा था। वहीं रेलवे स्टेशन पर भी स्नानार्थियों का रेला दिखा। रेलवे स्टेशन के बाहर जगह-जगह श्रद्धालु बैठे रहे। ट्रेन का इंतजार करते रहे। मेला स्पेशल ट्रेनों पर भारी भीड़ रही। रोडवेज बस अड्डा, भगवांचुंगी चौराहे पर लोग बसों का इंतजार करते रहे। बसों में बैठने को लेकर धक्कामुक्की होती रही। गैरजनपदों के साथ ही शहर से लेकर गांव तक जिलेभर से श्रद्धालुओं का रेला निकला। दिनभर हर-हर गंगे के जयकारे लगते रहे।