ग्रेड पे और योग्यता बढ़ाने सहित आठ मांगों को लेकर 15 दिन से आंदोलनरत लेखपालों ने मंगलवार की शाम चार बजे हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। लेखपालों की माने तो प्रांतीय नेताओं और अफसरों के साथ हुई बैठक में सभी मांगों पर अविलंब विचार करने का आश्वासन दिया गया है। इस आंदोलन में 36 लेखपालों का निलंबन और 153 को प्रतिकूल प्रविष्टि मिल चुकी है।
जिले के पांचों तहसीलों के लेखपाल 15 दिन से कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। मंगलवार को तहसील में एकत्रित हुए लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए चेताया कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने वाले लेखपालों का दावा था कि जब तक शासनादेश की प्रति नहीं मिलेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मगर शाम चार बजे प्रांतीय नेताओं का फोन घनघनाते ही हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की गई। जिलाध्यक्ष ऐनुल हसन ने बताया कि शीर्ष अधिकारियों से वार्ता के क्रम में आंदोलन समाप्त किया गया है। इधर, 15 दिन हड़ताल पर रहने वाले 36 लेखपालों का निलंबन और 153 लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि मिल चुकी है। फिलहाल अभी तक इन लेखपालों पर से कार्रवाई वापस लेने का कोई आदेश नहीं आया है। मंगलवार को धरना-प्रदर्शन शामिल लोगों में राम कुमार सरोज, विश्राम सिंह, मुन्ना सिंह, आशुतोष सिंह, लालता मिश्र, त्रिलोचन सिंह, रामचंद्र पांडेय, अभिषेक मिश्र, रामजस सरोज आदि मौजूद रहे।