डीएम शंभु कुमार ने कहा है कि जिले के 2.50 लाख घरों को सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त में कनेक्शन दिया जाएगा। गांव में विशेष अभियान चलाने के लिए 17 से 31 अक्तूबर के मध्य अभियान चलाया जाएगा। कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सोमवार को प्लाजा पैलेस में लेखपालों और प्रधानों की संयुक्त कार्यशाला हुई।
जिलेभर के प्रधानों और लेखपालों को संबोधित करते हुए डीएम शंभु कुमार ने कहा कि जिस गांव में पोल, ट्रांसफार्मर और तार नहीं हैं, वहां 90 प्रतिशत लोगों के कनेक्शन आवेदन भरवा दिए जाएं तो प्राथमिकता के आधार पर विद्युत उपलब्ध कराने का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इसलिए इसकी सफलता में कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि दीपावली तक इस कार्य को करके गरीबों का घर रोशन किया जाएगा।
एसपी देवरंजन वर्मा ने समाधान दिवस को मजबूत देते हुए राजस्व की समस्याओं के समुचित निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को नोटिस देकर सुनवाई कर मौके पर निस्तारण और उसकी वीडियो बनाकर सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। एसी एसके सिंह ने कहा कि सौभाग्य योजना में विद्युत कनेक्शन बिल्कुल मुफ्त होने के साथ ही सरल भी है। जिसमें आवेदक को केवल नाम, पते के साथ आधार कार्ड की छाया प्रति और मोबाइल नंबर ही उपलब्ध कराना है। इस मौके पर एडीएम मनोज कुमार,आरएस यादव, एसडीएम एसपी सिंह, दिनेश मिश्र,राहुल यादव आदि मौजूद रहे।