तल्ख धूप में झुलस रहे हैं सूरमा
प्रत्याशी के पक्ष में तैयार कर रहे हैं माहौल
घर-घर जाकर मतदाताओं से मांग रहे हैं समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। चिलचिलाती धूप और धूल भरी हवाओं को झेलने में वीआईपी पसीने से तर बतर नजर आ रहे हैं। एसी में रहने वाले प्रत्याशियों और समर्थकों पर तल्ख धूप भारी पड़ रही है। प्रत्याशी के पक्ष में माहौल तैयार करने आए अधिकांश समर्थक ‘हीट स्ट्रोक’ के शिकार हो रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में कूदने वाले प्रत्याशियों के समर्थक इन दिनों घर-घर जाकर माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। कोई रिश्तेदारियों में पहुंचकर मठाधीशों की परिक्रमा कर रहे हैं, तो कोई अपने पुराने परिचितों के यहां पहुंचकर प्रत्याशियों के जीतने पर विकास कराने का दावा कर रहे हैं। एसी में रहने वाले प्रत्याशियों के इन समर्थकों पर तल्ख धूप और धूल भरी हवाएं भारी पड़ रही हैं। गांव की गलियों का चक्कर लगाने वाले इन सूरमाओं को देखकर मतदाता किनारा काट ले रहे हैं। यह लोग नदी के किनारे बसे गांवों में पगडंडी के सहारे पहुंचकर गांव के लोगों का विश्वास जीतना चाह रहे हैं। वे देहात के लोगों के बीच घुलने-मिलने का प्रयास तो कर रहे हैं मगर किसानों को उनकी बातें नागवार लग रही हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पास रहा। जिससे गर्मी का प्रकोप और तेज हो गया। जिसे बर्दाश्त करने में असमर्थ प्रत्याशी के समर्थक हीटस्ट्रोक के शिकार हो रहे हैं। इससे कई लोगों को नर्सिंग होम में भर्ती होना पड़ा। मुंबई , दिल्ली व दूसरे प्रदेशों से आने वाले समर्थक बेल्हा की आबोहवा में घुलमिल नहीं पा रहे हैं बल्कि एसी कमरों व कारों से निकलते ही धूप का अटैक हो रहा है।
सामाजिक संगठन भी ताक रहे राजनीतिज्ञों का मुंह
प्रत्याशियों का ध्यान आकर्षित करने को कर रहे विविध जतन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। चुनाव में सभी को राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों से उम्मीद होती है। यह उम्मीद विकास, उनकी खुद की पहुंच और पैसे की भी होती है। यही वह समय होता है जब वह प्रत्याशी को अपने अहसान तले दबाना चाहते हैं। इसके चलते तमाम सामाजिक संगठनों के साथ ही अन्य लोग समितियां बनाकर नेताओं का ध्यान आकर्षित करने में लगे हैं।
जिले में मतदान को लेकर भले सात व तेरह दिन का समय है। इसके चलते प्रत्याशियों ने दौड़ भाग तेज कर दी है। समय कम होने के कारण वे जनसभाओं पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। ऐसे में वोट के ठेकेदारों की अवहेलना हो रही है। कई सामाजिक संगठन और समितियां बनाने वाले लोगों तक प्रत्याशियों के न पहुंच पाने के कारण अब वह शोर मचाना शुरू कर दिए हैं। कोई विकास की बात कहकर अपनी मौजूदगी का अहसास करवा रहा है तो कोई अपनी बिरादरी की अनदेखी का मुद्दा उठाकर अपनी ताकत बता रहा है। किसी भी प्रकार से प्रत्याशियों तक अपनी उपयोगिता पहुंचाने की कवायद में यह लोग लगे हैं। अपनी पहुंच प्रत्याशी तक सीधे बनाने और अपनी शर्तों के साथ समर्थन देने के लिए वे अंदर से राजी हैं लेकिन प्रत्याशियों के न पहुंच पाने के चलते विरोध का संदेश पहुंचवा रहे हैं। वह यह चाहते है कि प्रत्याशी उनकी उपयोगिता समझें और उनसे मिलकर चुनाव में सहयोग करने की विनती करें। बावजूद इसके समय कम होने के कारण उनके माथे पर चिंता की लकीरें हैं। चुनाव बीतने पर उनकी और भी पूछ नहीं रह जाएगी।
इनसेट ---
प्रत्याशी के न पहुंचने से ‘चौधरी’ भी नाराज
गांवों में वोटों की ठेेकेदारी चौधरी के माध्यम से होती है। उन तक प्रत्याशी पहुंच नहीं पा रहे हैं। उनसे सिर्फ उनके दूत ही मिल रहे हैं। इससे चौधरी भी नाराज हैं। गांवों और बिरादरी में अपनी साख रखने वाले चौधरी ही गांव में होने वाले बड़े आयोजनों में अपनी राय देते हैं। कहां किसे निमंत्रण पहुंचाना है और किसे नहीं इसका निर्णय भी वही करते हैं। इसके चलते उनकी इज्जत भी होती है। अब वोट भले ही उनके कहने से लोग दें या न दें लेकिन वे अपनी जरूरत तो प्रत्याशी के लिए समझते ही हैं। ऐसे में सीधे प्रत्याशी के न पहुंचने से उनके मन में संशय की स्थिति है।
चुनाव के चलते सीमाओं पर अलर्ट हुई पुलिस
बैरियर लगाकर वाहनों की शुरू हुई पड़ताल
दो दिन पहले कुंडा में चेकिंग के दौरान फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने पकड़े थे 54 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कौशांबी में छह तो प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर 12 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। रविवार से जिले की सीमाओं पर वाहनों की सघन जांच पड़ताल हो रही है। आईजी के निर्देश पर कुंडा व बाबागंज में विशेष नजर रखी जा रही है। आने जाने वाले वाहनों की तलाशी हो रही है। हाल ही में फ्लाइंग स्क्वाएड की टीम ने कुंडा में चेकिंग के दौरान 54 लाख रुपये पकड़े थे।
कौशांबी लोकसभा क्षेत्र के बाबागंज और कुंडा विधानसभा क्षेत्र को संवेदनशील नजरिए से जिला प्रशासन देखता है। 6 मई को यहां चुनाव होना है। चुनाव के दिन बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान मुस्तैद होंगे। आईजी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक एस आनंद के साथ इलाके में सघन वाहन चेकिंग कराई थी। कई थानों की पुलिस ने जिले की सीमाओं पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच पड़ताल कराई। इससे वाहन लेकर फर्राटा भर रहे लोगों में हड़कंप मचा रहा और वह दूसरे रास्तों से लेकर वाहनों को गुजरे। शुक्रवार को कुंडा में फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने चेकिंग के दौरान व्यापारी की कार से 54 लाख रुपये बरामद किए थे। एसपी एस आनंद ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर छोटे और बड़े वाहनों की चेकिंग बराबर होती रहेगी।