फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जूनियर बार एसोसिएशन के चुनाव में 1791 मतदाताओं ने की वोटिंग, आज 36 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

विज्ञापन
कचहरी में जूनियर बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान के करता अधिवक्ता। संवाद - फोटो : PRATAPGARH
विज्ञापन
जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन के लिए बृहस्पतिवार को गहमागहमी के बीच मतदान हुआ। सुबह सात से शाम पांच बजे तक हुए मतदान में कुल 1791 अधिवक्ताओं ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। मतपत्र से उपाध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार का नाम गायब होने के कारण करीब आधे घंटे तक मतदान रुका रहा। शिकायत पर एल्डर कमेटी के पदाधिकारियों ने मतपत्र में सुधार कराने के बाद मतदान शुरू कराया। शुक्रवार की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। देर रात तक परिणाम आने की उम्मीद जताई जा रही है।
विज्ञापन

कचहरी परिसर में बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रकाशन मंत्री, कोषाध्यक्ष आदि पदों के लिए मतदान शुरु हुआ। एल्डर कमेटी के पदाधिकारियों की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती पूरे परिसर में की गई थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार रवि कुमार द्विवेदी को पता चला कि मतदान पत्र में उनका नाम ही नहीं है।
इस पर उन्होंने मामले की शिकायत एल्डर कमेटी के पदाधिकारियों से की। मामले का समाधान होने तक करीब सौ की संख्या में अधिवक्ताओं ने मतदान कर दिया था। ऐसे में रवि की ओर से इस पद के चुनाव को निरस्त करने की मांग को लेकर एल्डर कमेटी और जिला जज को पत्र भेजा गया है। एल्डर चुनाव कमेटी के सदस्य विजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी पर महज 20 मिनट के भीतर ही मतपत्र में उम्मीदवार का नाम शामिल किया गया।
विज्ञापन

कमेटी की ओर से बैठक कर इस प्रकरण का निस्तारण कराया जाएगा। शाम पांच बजे तक चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष देवनारायण शुक्ल ने बताया कि संगठन के चुनाव में पंजीकृत 2300 मतदाताओं में 1791 ने अपने मत का प्रयोग किया है। शुक्रवार की सुबह आठ बजे से सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में मतगणना शुरू होगी। मतपेटिका को कमेटी के पदाधिकारी व उम्मीदवारों की मौजूदगी में सील कराया गया। सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती कराई गई है।
18 राउंड में पूरी होगी मतगणना, देर रात परिणाम आने की उम्मीद
बीते वर्ष संगठन के चुनाव में लगभग 1200 मतदाताओं ने वोटिंग की थी। मतदान के बाद मतगणना संपन्न कराने में करीब 14 घंटे का समय लगा था। इस बार चुनाव में मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है। एल्डर कमेटी ने 18 चक्र में मतगणना कराने का फैसला किया है। समय-समय पर परिणामों की घोषणा की जाती रहेगी। एल्डर कमेटी के जगत बहादुर सिंह, श्रीनाथ गुप्ता, रफीक खां, गणेश नारायण मिश्र, हरिकेश नारायण तिवारी, चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश मिश्र आदि ने बैठक कर मतगणना की रूपरेखा तैयार की।

कचहरी में जूनियर बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान के लिए मतपत्र लेने को लगी अधिवक्ताओं की भीड़। सं- फोटो : PRATAPGARH

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें