प्रतापगढ़। कुंभ स्नानार्थियों के लिए शहर के हादीहाल को रैन बसेरा बनाया जाएगा। वहां पेयजल के साथ ही अन्य सुविधाएं देने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में मोबाइल टायलेट भी होंगेे। चिलबिला से लेकर भंगवा चुंगी तक स्नानार्थियों के लिए हाईवे पर नगर पालिका प्रशासन अलाव का भी प्रबंध कराएगा।
कुंभ में स्नान करने के लिए प्रदेश के बस्ती, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुलतानपुर, अमेठी समेत अन्य जिलों के स्नानार्थी प्रतापगढ़ से होकर गुजरेंगे। कुंभ के स्नानार्थियों को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए नगर पालिका की ओर से कुंभ के स्नानार्थियों के लिए हादीहाल को रैन बसेरा बनाया जाएगा। जहां ठंड से बचाव के लिए अलाव रहेगा। इसके अलावा गद्दा रजाई आदि की भी व्यवस्था रहेगी। शहरी क्षेत्र में नगर पालिका की ओर से महिला व पुरुष स्नानार्थियों के लिए विशेष इंतजाम होंगे। मोबाइल टायलेट के साथ ही शहर के चौराहों के अलावा चिलबिला से लेकर भंगवा चुंगी चौराहे तक अलाव की व्यवस्था रहेगी। कुंभ जाने वाले स्नानार्थियों की सुविधाओं के लिए नगर पालिका की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है।
महिलाओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका पूरा प्रबंध रहेगा। नगर पालिका की चेयरमैन प्रेमलता सिंह ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कालेज के सामने पिंक टायलेट का निर्माण कराया जाएगा। इस टायलेट का उपयोग केवल महिलाएं ही कर सकेंगीं। यहां महिलाओं व उनके बच्चों के लिए भी अलग से व्यवस्था रहेगी। जल्द ही पिंक टायलेट का निर्माण शुरू कराया जाएगा। कुंभ स्नानार्थियों की सुविधा के लिए शहरी क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। हादीहाल के अलावा चिलबिला में पानी का टैंकर भी खड़ा रहेगा। शुद्ध पानी के लिए अतिरिक्त वाटर एटीएम भी होंगे। पानी के टैंकों की भी मरम्मत कराई जाएगी।
वहीं चेयरपर्सन नगर पालिका प्रेमलता सिंह का कहना है कि जिले से गुजरने वाले कुंभ स्नानार्थियों को शहर में प्रवेश करते ही सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगीं। हादीहाल में रैन बसेरा रहेगा। ठंड से बचाव के लिए अलाव, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की तैयारी का खाका तैयार कर लिया गया है।