रानीगंज को भी जल्द मिलेगी 24 घंटे बिजली
विधायक धीरज ओझा ने किया विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के पूरे हिरावन में गांव में पं दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 3.10 करोड़ की लागत से स्वीकृत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शनिवार को विधायक धीरज ओझा ने शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रों के बीच विधायक धीरज ओझा, जिलाध्यक्ष भाजपा हरिओम मिश्र व उप जिलाधिकारी रानीगंज राहुल यादव ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस मौके पर विधायक धीरज ओझा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में लोगों को बिजली के लिए परेशान होना पड़ता था। आज उस तरह के हालात नहीं हैं। शहर में 24, तहसील मुख्यालयों में 20 व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है। दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना व सौभाग्य योजना से विद्युत व्यवस्था में सुधार के बाद जल्द रानीगंज समेत पूरे प्रदेश को 24 घंटे बिजली मिलेगी। पूरे हिरावन में एक नवीन उपकेंद्र की स्थापना के साथ मुआर अधारगंज व जामताली में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना प्रस्तावित है। रानीगंज में अलग से डिवीजनके साथ ही गौरा, तवंकलपुर व दिलीपपुर में उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाए जाने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आएगी। जिलाध्यक्ष भाजपा हरिओम मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा था उसे कर दिखाया। अध्यक्षता शीतला प्रसाद उपाध्याय व संचालन जयेंद्रनाथ उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर एक्सईइन रानीगंज अंकित श्रीवास्तव, एसडीओ एसके पटेल, प्रतिनिधि अजय ओझा, नीरज ओझा, नगर पंचायत प्रतिनिधि बद्री गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अंशुमान सिंह, ग्राम प्रधान राजेश सिंह, मीडिया प्रभारी ललित तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे।
इनसेट-------------------------
मां बाराही धाम में सौंदर्यीकरण के कार्यों का हुआ शिलान्यास
रानीगंज क्षेत्र के चौहर्जन स्थित आदि शक्ति मां बाराही धाम को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा 44 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत धाम के सौंदर्यीकरण के कार्य का विधायक धीरज ओझा ने शिलान्यास किया। विधायक धीरज ओझा ने कहा कि कहा कि मां बाराही कुल देवी हैं। अब धाम में सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रामअछैवर तिवारी, प्रतिनिधि नीरज ओझा, अजय ओझा, शिवम ओझा, मीडिया प्रभारी ललित तिवारी आदि मौजूद रहे।