मरीजों की जांची गई सेहत, दिया परामर्श
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से करनपुर में लगा स्वास्थ्य शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहर से सटे करनपुर में गुरुवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 75 मरीजों ने जांच कराकर अपना इलाज कराया।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सुबह आठ बजे से दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अवंतिका पांडेय, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. आकांक्षा शुक्ला और जिला अस्पताल के डॉक्टर अनुज चौरसिया ने मरीजों का इलाज शुरू किया। मरीजों में दंत रोग से पीड़ित 25 तो नेत्र रोग की समस्या से जूझ रहे 12 लोगों का इलाज किया गया। 35 मरीज सर्दी-जुकाम और बुखार की समस्या से परेशान थे। चिकित्सकों ने सभी मरीजों की जांच करने के बाद दवा वितरित की। इस दौरान राजू, छोटू, अजय कुमार, अजय यादव, कृष्णविहारी, अनुराग कुमार, दीपक श्रीवास्तव, सुरेश कुमार, अंजनी, शेखर गौतम आदि लोग मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम शिविर में आए बच्चों को खसरा और रूबेला का टीका भी लगा रही थी।
इनसेट
बाराही देवी में स्वास्थ्य शिविर आज
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रानीगंज तहसील क्षेत्र के मां बाराही देवी धाम परिसर में 23 नवंबर को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में आने वाले मरीजों की जांच के साथ ही मुफ्त दवाएं वितरित की जाएंगी।