लॉकडाउन के दौरान चौराहों पर मस्ती करने वालों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया है। अफसरों ने शहर के 11 स्थानों को चिह्नित कर लिया है। इंटर कालेजों में लगे यह कैमरे लगाए जाएंगे। सड़क पर घूमने वालों को चिह्नित कर शिकंजा कसने के लिए पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर शहर की सड़कों पर भीड़ दिखने के बाद यह कदम उठाया गया है।
लॉकडाउन के दौरान बेगमवार्ड, फलमंडी, श्रीराम तिराहा और जिला अस्पताल के सामने दिनभर लोगों की भीड़ उमड़ी रहती है। पुलिस की गाड़ी देखने के बाद लोग इधर-उधर होने लगते हैं। पुलिसकर्मियों के जाते ही फिर निकल पड़ते हैं। सोशल मीडिया में इस तरह के वीडियो वायरल होने पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ऐसेे लोगों पर शिकंजा कसने की रणनीति बनाई है। चौक, श्रीराम तिराहा, फलमंडी, जिला अस्पताल के सामने, भगवाचुंगी सहित 11 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया है।
इंटर कालेजों में लगे यह कैमरे शहर में लगेंगे, जिससे अफसर पल-पल की निगरानी करेंगे। बुधवार की शाम तक सभी जगहों पर कैमरे लग जाएंगे। गुरुवार से निगरानी की जाएगी। एडीएम शत्रोहन वैश्य ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों में रहने और सामाजिक दूरी बनाने के लिए कहा जा रहा है, मगर इसका लोग पालन नहीं कर रहे हैं। इसलिए सीसीटीवी कैमरा लगाने का फैसला किया गया है।