पाकिस्तानी सेना की बर्बर कार्रवाई में शहीद हेमराज की मां मीना देवी बुधवार से ही बेसुध पड़ी हुई हैं, उनके आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे। गमगीन मां ने बेटे की शहादत की खबर के बाद से एक भी निवाला नहीं लिया है। एक ओर उनकी आंखों में पाकिस्तान के खिलाफ नफरत है तो दूसरी ओर नेताओं के खिलाफ दिल में टीस।
शोककुल परिवार को सांत्वना देने के लिए घर पर नेताओं का आना जाना लगा हुआ है। शुक्रवार को भी कई पार्टियों के नेता पहुंचे। इसी बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, विश्वेंद्र सिंह शहीद हेमराज के घर शेरनगर खैरार पहुंचे। उन्होंने जैसे ही अपने को सोनिया गांधी का दूत बताया, वहां बैठे परिवारीजन और ग्रामीण भड़क गए।
'तिहारो प्रतिनिधमंडल अब का करवै आयो है'
मीना देवी ने कांग्रेस नेताओं को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने रुंधे गले से कहा, ‘अरे भैय्या, तिहारो प्रतिनिधमंडल अब का करवै आयो है, जा ठिया सबई आए, थ्यारो केंद्र से कोई नाए आयो। तुम तो दिल्ली मा बैठके रोट्टियां सेको। थ्यारी मैडम ने अबे तक कोई सुध न लई। म्हारो तो छोरा चाले गयो।’ उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार से उन्हें न्याय चाहिए। वह सरकार की कार्रवाई को तब मानेंगी जब उनके बेटे का सिर लाकर उनको दर्शन कराए जाएंगे।
परिवारीजनों का कहना था कि सोनिया गांधी को तीन दिन बाद दूत भेजने की सुध आई है। अभी तक प्रधानमंत्री और केंद्र के नुमाइंदों को शहीदों की सुध नहीं आई। ग्रामीणों का कहना था कि कांग्रेस नेता पाक के खिलाफ दोस्ताना संबंधों की दुहाई देते नहीं थक रहे। इससे ज्यादा शर्मनाक क्या हो सकता है। ग्रामीणों ने कांग्रेसजनों से सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर सवालों की झड़ी लगा दी।
कांग्रेस नेताओं ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी का केन्द्रीय नेतृत्व शीघ्र गांव आएगा। शहीद के परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी। शहीद के परिवार गैस एजेंसी या पेट्रोल पंप दिए जाने पर विचार होगा। मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि पाकिस्तान सेना के जवानों की हरकतों का केंद्र सरकार जवाब देगी।
एयर इंडिया में नौकरी की पेशकश
राष्ट्रीय लोकदल विधानमंडल दल के नेता पूर्व मंत्री दलवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ हेमराज के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने शहीद हेमराज सिंह के भाई जयसिंह को एयर इंडिया में नौकरी दिलाने की बात कही।