फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर में बम धमाका, आगजनी और बवाल

Thu, 10 Apr 2014 02:11 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कल्याणपुर के सैयद नगर में मंगलवार को दो समुदायों में संघर्ष के बाद बुधवार को भी रह-रहकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती रही। सुबह सीओ कल्याणपुर की जीप पर पथराव किया गया और कुछ पुलिसवालों से हाथापाई की गई तो रात में टट्टर की तीन दुकानें आग के हवाले कर दी गईं और एक बम धमाका भी हुआ।
विज्ञापन


इसके बाद एडीएम सिटी की अगुवाई में पुलिस-पीएसी ने भी गलियों में मार्च किया और कुछ लोगों को पकड़ा। आईजी भी पहुंचे। यह सब चल रहा था कि एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाकर देर रात भाजपाइयों ने कल्याणपुर थाना घेर लिया और अपने 21 साथी छुड़ा लिए।

हालांकि प्रशासन ने कहा कि एसीएम ने निजी मुचलके पर इन्हें रिहा किया।

सीओ की गाड़ी पर पथराव

कानपुर में कल्याणपुर के सैयद नगर में मंगलवार को दो समुदायों में संघर्ष के बाद बुधवार को फ्लैग मार्च के दौरान मसवानपुर में शिव मंदिर के पास सीओ कल्याणपुर श्रीपाल यादव की गाड़ी पर पथराव कर दिया गया। इससे उनकी जीप का शीशा टूट गया। थोड़ी देर बाद मसवानपुर में ही कुछ युवक गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और हाथापाई की। पुलिस ने लाठियां भांजकर उपद्रव करने वालों को खदेड़ दिया।

इसके बाद पुलिस और पीएसी के जवानों ने, जो सड़क पर नजर आया, उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कई को वाहनों में भरकर थाने भेज दिया गया। इलाके में तनाव का माहौल है। आरआरएफ, पीएसी, फायर ब्रिगेड, कई थानों की फोर्स कैंप कर रही है। एसपी और सीओ ने मोबाइल रहकर पूरे दिन निगहबानी की। कई परिवार ताला बंद कर चले गए हैं।

प्रशासन ने सुबह ही एनाउंस कराकर इलाके की दुकानें, स्कूल बंद करा दिए। इससे इलाके में अघोषित कर्फ्यू दिखा। पुलिस ने इस मामले में चार एफआईआर दर्ज की है। बजरंग दल के जिला संयोजक आशीष त्रिपाठी समेत 25 लोगों को हिरासत में लिया गया।

दो समुदायों के बीच भड़की थी हिंसा

मंगलवार शाम रामनवमी शोभायात्रा का मार्ग बदल देने पर सैयदनगर में दो समुदायों में मारपीट, पथराव, सड़क जाम, आगजनी हुई थी। 11 लोग और कई पुलिस वाले घायल हुए थे। देर रात जैसे-तैसे हालात संभालने के बाद पीएसी और थानों की फोर्स को कैंप करा दिया गया। सुबह आरआरएफ भी लगा दी गई। सुबह एक मंदिर के सामने आपत्तिजनक चीज फेंकी जाने से फिर माहौल गरमाया।

पुलिस प्रशासन ने सुबह लगभग छह बजे वाहन में लाउडस्पीकर लगाकर लोगों से घरों में ही रहने को कहा। दुकानों, स्कूलों को बंद करा दिया गया। दूध के वाहन को रोक लेने पर हंगामे की नौबत आई तो उसे सुरक्षा के बीच जाने दिया गया। सुबह करीब 11 बजे एसपी ट्रैफिक मनीराम यादव की अगुवाई में पुलिस और पीएसी के जवान क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर रहे थे।

सीओ कल्याणपुर श्रीपाल यादव की गाड़ी आगे चल रही थी। इसी दौरान मसवानपुर में शिव मंदिर के पास कुछ युवकों ने सीओ की गाड़ी पर पथराव कर दिया। गाड़ी का शीशा टूट गया लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद गुस्साए पुलिसकर्मियों ने पथराव कर रहे युवकों को जमकर लठियाया और चार को दबोच कर थाने भिजवा दिया।
विज्ञापन

अब तक चार एफआईआर दर्ज

इसके कुछ घंटे बाद ही मसवानपुर क्षेत्र में ही कुछ युवक गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद पुलिस ने जमकर लाठी चलाई। पुलिस ने न तो बुजुर्गों को छोड़ा और न ही किशोर-बच्चों को। भगदड़ में कई लोग चुटहिल हो गए।

इस दौरान कई युवकों को पकड़ कर थाने भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस, पीएसी और आरआरएफ गलियों में गश्त करती रही। एसपी ग्रामीण डॉ. अनिल मिश्र, एसपी ट्रैफिक मनीराम यादव, सीओ सीसामऊ, कैंट, कल्याणपुर, कर्नलगंज ने गश्त कर सड़क पर बेवजह घूम रहे लोगों को खदेड़ा। एसपी क्राइम एमपी वर्मा और क्राइम ब्रांच की टीम भी कल्याणपुर थाने में डेरा डाले रही।

कल्याणपुर थाने में अब तक चार एफआईआर दर्ज हुई हैं। वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, मोबाइल फुटेज के सहारे लोगों की धरपकड़ पूरे दिन चलती रही। रात तक 25 लोग हिरासत में लिए जा चुके थे। एसएसपी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं। आरआरएफ, पीएसी, पुलिस अफसर और पुलिस कर्मी निरंतर गश्त कर लोगों को सुरक्षा का आभास करा रहे हैं। उपद्रव करने वाला कोई भी शख्स बचेगा नहीं, चाहे वह जितना भी प्रभावशाली हो।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें