घर के पास रहने वाली युवती को वह चोरी छिपे देखता था। प्यार हो गया तो कई बार उसने युवती को रोककर अपनी मोहब्बत का इजहार किया। लेकिन युवती ने साफ इंकार कर दिया। लेकिन रविवार को तो युवक ने हद कर दी। युवती, दुल्हन बनकर जब अपने पति के साथ विदा हो रही थी तो अचानक वह कार के सामने आ गया। जमीन पर लेट गया। युवती से फिर अपने प्रेम का इजहार करने लगा। आखिर में पुलिस ने उसे हवालात पहुंचा दिया।
मामला छजलैट के एक गांव का है। रविवार को वहां बिजनौर के नूरपुर से बारात आई थी। लड़की वालों ने रस्म और रिवाज निभाकर शाम को बारात विदा करने लगे। माता-पिता, भाई और रिश्तेदार सभी की आंखें नम थीं।
युवती कार में बैठकर जा रही थी तो गांव के तिराहे के पास गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार को रोक लिया। इसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। युवक ने दुल्हन की शादी को मानने से इंकार कर दिया। बोला कि भले ही उसकी शादी हो गई है, लेकिन आज भी वह उससे प्रेम करता है। अचानक युवक के ड्रामे से बाराती भी सन्न रह गए।
कुछ लोगों ने तत्काल युवती के घर पर फोन किया। इस पर गांव में भी हड़कंप मच गया। परिजन दौड़े और रास्ते में उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। एसओ ने पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा। चंद मिनट बाद पुलिस आई, लेकिन युवक पर असर नहीं पड़ा। युवक पर आशिकी का नशा इस कदर हावी था कि वह पुलिस से भी उलझ गया।
खुद को दुल्हन का सच्चा प्रेमी बताने लगा। आखिर में पुलिस ने युवक और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। दोनों के नाम सद्दाम और सुल्तान हैं। इधर, दुल्हन के मायके पक्ष ने दोनों पर लूटपाट के इरादे से कार रोकने का आरोप लगाया। एसओ दुर्गेश कुमार मिश्रा ने मामला प्रेम प्रसंग का बताया।