मलेशिया से काठमांडू पहुंचा मिलिंडो एयरलाइंस का विमान एयर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण डायवर्ट कर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लाना पड़ा। हवा में तीन चक्कर लगाने के कारण ईंधन भी कम हो गया, जिससे विमान में सवार 172 यात्रियों की सांसें अटकी रहीं।
मलेशिया (कुआलालमपुर) से विमान ने निर्धारित समय रविवार सुबह 9:50 बजे के बजाय दोपहर 11:30 बजे उड़ान भरी थी और दोपहर दो बजे काठमांडू एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट पर जगह खाली नहीं होने के कारण हवा में चक्कर लगाता रहा।
तीन चक्कर लगाने के बाद इस पायलट को जानकारी हुई कि विमान में ईंधन कम हो गया है। लिहाजा एटीसी से संपर्क कर विमान को डायवर्ट कर 3:15 बजे वाराणसी लाया गया। यहां ईंधन भरने के बाद विमान 4:15 बजे दोबारा काठमांडू रवाना हुआ।