पीलीभीत। एक नाबालिग बालिका को ले जाने के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश/पॉक्सो एक्ट त्रिभुवन नाथ पासवान की अदालत ने फर्रुखाबाद निवासी आरोपी को दोषी करार देते हुए चार वर्ष के कारावास और 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
विज्ञापन
अभियोजन के अनुसार, थाना बीसलपुर क्षेत्र निवासी वादी ने 10 सितंबर 2018 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक ग्रामीण का भांजा अविनाश, जो अपने मामा के घर रहता था, अपने साथियों अमित, गुल्लू और विजय के साथ उसकी नाबालिग पुत्री को मोटरसाइकिल से ले गया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने बालिका को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बालिका को खोज निकाला और उसके न्यायालय में बयान दर्ज कराए। विवेचना के दौरान अविनाश के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसके विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कई गवाह और साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए। वहीं, आरोपी ने स्वयं को निर्दोष बताया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद अदालत ने अविनाश को दोषी ठहराते हुए चार वर्ष के कारावास और 15 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया। संवाद