पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र के हरहरपुर धुरा गांव निवासी शिवकुमार (20 वर्ष) का शव रविवार सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत से बरामद हुआ। युवक एक जून की सुबह शौच के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों की तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा था। परिजनों ने उसी दिन अमरिया थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रविवार सुबह खेत स्वामी प्रेमपाल फसल देखने पहुंचे तो खेत से दुर्गंध आने पर उन्हें आशंका हुई। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन करने पर गन्ने के बीच शिवकुमार का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। सूचना मिलने पर सीओ सदर नताशा गोयल और अमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
आग लगाने के आरोप में दर्ज हुई थी रिपोर्ट
परिजनों का आरोप है कि 20 मई को गांव निवासी सूरजपाल के पोल्ट्री फार्म में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें उसने शिवकुमार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक जून को दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता प्रस्तावित थी, लेकिन उसी दिन शिवकुमार अचानक लापता हो गया। शव मिलने के बाद परिजनों ने सूरजपाल पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।