अप्सरा नदी के पुल से नीचे उतरकर बहाव के पास सेल्फी लेने के दौरान हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरिया (पीलीभीत)। दोस्तों के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में पैर फिसलने से युवक सत्यम अप्सरा नदी में गिर गया और तेज धार में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
गाजीपुर जिले के थाना गहमर के गांव खुदरा पथरा निवासी सत्यम (18) पुत्र सुरेश पासवान, रुद्रपुर की प्लाईबोर्ड फैक्टरी में काम करने वाले कस्बा मिलक, जिला रामपुर निवासी धीरज मिश्रा (17) पुत्र अरुण मिश्रा, बीसलपुर निवासी विपिन कुमार (18) पुत्र रविंद्र कुमार, थाना जहानाबाद के गांव परेवा वैश्य निवासी अंजली मौर्य (17) पुत्री नेतराम के साथ गांव परेवा वैश्य में एक समारोह में शामिल होने के लिए निकला था।
इसी दौरान अमरिया थाना क्षेत्र के नहर मार्ग पर पौटा डाम पर अप्सरा नदी पुल के नीचे उतरकर बहाव के किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने लगे। इस दौरान सत्यम का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। साथियों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण सत्यम गहराई में पहुंच गया।
साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। हादसे की सूचना अमरिया पुलिस को दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सत्यम की तलाश शुरू कराई। शाम तक उसका पता नहीं चला। थानाध्यक्ष बृजवीर सिंह ने बताया कि लापता युवक की तलाश करवाई जा रही है।
-
नहर में डूबने से मासूम की मौत
अमरिया (पीलीभीत)। गांव दियोरनियां निवासी जमील अहमद ने बताया कि उसकी बहन साजदा की शादी जिला बरेली के थाना भोजीपुरा के गांव डोहरिया निवासी छोटे खां से हुई थी। मंगलवार की शाम छह बजे उनकी बहन साजदा अपनी चार वर्षीय बेटी अनाविया को लेकर नहर पटरी के रास्ते मायके आ रही थी। इस दौरान बच्ची का पैर फिसलने से वह नहर में गिर गई। बचाने का प्रयास किया, तो वह भी डूबने लगी। राहगीरों ने दोनों को बचाकर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। संवाद