मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा
निजी स्कूली की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग
शिक्षा के बाजारीकरण के तहत निजी स्कूलों द्वारा किए जा रहे अभिभावकों के शोषण के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
प्रदेशीय आहवान पर तमाम आप कार्यकर्ता मंगलवार सुबह नेहरू ऊर्जा उद्यान के सामने एकत्र हुए। यहां उन्होंने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों के किए जा रहे शोषण के विरोध में धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में कहा कि सरकारी स्कूलों की बदहाली के चलते अभिभावक बेहतर शिक्षा के चाह में निजी स्कूलों में जाने को विवश है। वहीं निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों का जमकर शोषण किया जा रहा है। स्कूल माफिया अभिभावकों को मनचाही दुकानें से पाठ्य सामग्री खरीदने को बाध्य कर रहे हैं। गठजोड़ के चलते अभिभावकों से चौगुना मूल्य वसूला जा रहा है। इस पर यदि तत्काल अंकुश नहीं लगा तो आप आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री व प्रमुख सचिव को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कांवेंट स्कूलों की भांति सुविधाएं व शिक्षा गुणवत्ता में सुधार कराने, चुनिंदा दुकानों से पाठ्य सामग्री खरीदने की बाध्यता समाप्त कराने, मनमानी फीस वसूलने वाले स्कूलों की मान्यता समाप्त कराने, आरटीई के तहत 25 प्रतिशत गरीब बच्चों का पब्लिक स्कूलों में दाखिला कराने, स्कूलों की मनमानी रोकने को राज्य या जिला स्तरीय कमेटी बनाने, निजी स्कूलों में शिक्षकों को दिए जा रहे वेतन की जांच कराने, स्कूलों का प्रति वर्ष आडिट कराने, बच्चों की सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जांच कराने आदि की मांग की गई। धरना देने वालों में राजीव अग्रवाल टीटी, संदीप सक्सेना, दानिश खां, गोविंद रस्तोगी, रामचंद्र प्रजापति, राहुल सक्सेना, भूपेश जायसवाल, मुकुल अग्रवाल, जेके पाठक, अशोक शुक्ला, आरिश मलिक, शेरपाल वर्मा, चंद्रपाल गंगवार, संजीव सक्सेना, किशन सक्सेना, बलजीत सिंह जगदीप सिंह समेत तमाम अभिभावक भी शामिल रहे।