होटलों, रेस्तरां में चला पार्टी का दौर, नेहरू पार्क का आई लव पीलीभीत सेल्फी प्वाइंट रहा आकर्षण का केंद्र
दिन भर धार्मिक स्थलों पर रही भीड़, उपहार और बधाई देने का चला सिलसिला
पीलीभीत। नए साल के स्वागत में कोविड नियमों का पालन करते हुए जहां लोग घरों पर ही मौज-मस्ती करते रहे थे वहीं साल के पहले दिन की शुरूआत उन्होंने भक्तिमय अंदाज में की। पूजापाठ कर ईश्वर से खुशहाली की दुआ मांगी गई। फिर बुजुर्गों से भी आशीर्वाद लिया। दिन भर होटल, पार्क में युवाओं की भीड़ पहुंचती रही। मंदिरों में भी लंबी कतार लगी रहीं। एक दूसरे को शुभकामना संदेश भेजने का दौर भी चलता रहा।
वर्ष 2019 की खट्टी मीठी यादों को दिल में संजोकर जनपदवासियों ने नए साल 2021 का स्वागत किया। सुबह सबसे पहले धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा पाठ की और बुजुर्गों के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। वहीं गली, मोहल्लों, कॉलोनियों से लेकर होटल, रेस्तरां में भी युवाओं की टोली मौज मस्ती और धमाल मचाती नजर आई। मोबाइल के जरिए शुभकामनाएं दीं तो व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्यूटर आदि सोशल साइट्स के माध्यम से भी बधाई दी गई। उधर, सुबह घने कोहरे और गलन भरी सर्दी में लोगों ने शहर के मंदिरों, गुरुद्वारों व गिरजाघरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की। श्री गौरीशंकर मंदिर और मां यशवंतरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने वालों की सर्वाधिक भीड़ रही।
गिफ्ट गैलरी संचालकों के अलावा फूल विक्रेताओं ने नए साल के मद्देनजर खास तैयारी की हुई थी। 2021 के पहले दिन उत्तराखंड में स्थित मां पूर्णागिरि धाम जाने वालों की भी खासी संख्या रही। श्रीनटवीर बाबा मानव सेवा समिति की ओर से नए साल पर रोग मुक्त यज्ञ कराया। नेहरू पार्क में बने सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।
बीसलपुर। शुक्रवार की सुबह से दफ्तरों से सड़क तक नववर्ष की शुभकामनाएं देते लोग नजर आए। गायत्री शक्तिपीठ में नववर्ष पर यज्ञ हुआ, इसमें बुराई छोड़ अच्छाई ग्रहण करने का संकल्प लिया। एसआरएम इंटर कॉलेज में हुए रंगारंग कार्यक्रम में कलाकारों ने नववर्ष का महत्व झलकाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
दियोरियाकलां। गांव इलावास देवल में प्राचीन मां भगवती के मंदिर में दिन भर श्रद्धालु पहुंचते रहे। पूजन अर्चन कर नए साल की शुरूआत की गई। कई बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए।
अमरिया। नव वर्ष के पहले दिन राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आरबीएसके टीम व आरकेएसके की काउंसलर ने बढ़ेपुरा के मॉडल इंटर कॉलेज में किशोर, किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर काउंसलिंग की। एक दिन पहले हुईं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
मझोला। नववर्ष पर यूथ क्लब की ओर से दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। सौ मीटर दौड़ में अमोलक, दीपक कश्यप, आदित्य राठौर, 200 मीटर दौड़ में बिट्टू कुशवाहा, पवन जटपुरा, उदय कुमार, 400 मीटर दौड़ में मोहम्मद खान, मोहम्मद तंजील, पवन वर्मा, 1600 मीटर दौड़ में सतनाम सिंह, अरविंद जमौर, अमित यादव क्रमश: प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। सभी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
बरखेड़ा। कसबे में लोगों ने नए साल का जश्न मनाया। गुरुवार की रात से ही लोगों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया, जो शुक्रवार को पूरे दिन चला।