फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: शराब की दुकान में घुसीं महिलाएं, ताला तोड़कर बोतलें फोड़ीं, शराब नाली में बहाई

विज्ञापन
विज्ञापन
जहानाबाद। ललौरीखेड़ा गांव में संचालित शराब की दुकान हटाने की मांग पूरी न होने पर शनिवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शाम के समय कई महिलाएं शराब की दुकान पर पहुंच गईं और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखी देसी व अंग्रेजी शराब की बोतलें फोड़ दीं। बड़ी संख्या में शराब के पाउच और क्वार्टर नाली में बहा दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विज्ञापन

थाना जहानाबाद क्षेत्र के ललौरीखेड़ा गांव में कंपोजिट शराब की दुकान संचालित है, जहां देसी और अंग्रेजी शराब की बिक्री होती है। दुकान के पास ही बीयर की दुकान भी है। ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब की दुकान होने से नशाखोरी बढ़ रही है। इससे परिवारों में विवाद और सामाजिक समस्याएं पैदा हो रही हैं। शाम के समय शराब पीकर लोग अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे इस क्षेत्र से गुजरने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
महिलाओं ने बताया कि वह काफी समय से शराब की दुकान हटाने की मांग कर रही हैं। करीब 10 दिन पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर शनिवार शाम पांच बजे महिलाएं दुकान के बाहर एकत्र हो गईं। महिलाओं के जुटने की जानकारी मिलते ही दुकानदार दुकान बंद कर वहां से चला गया। इसके बाद महिलाओं ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
विज्ञापन

घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सीओ सदर नताशा गोयल और आबकारी निरीक्षक आशुतोष तिवारी भी पहुंच गए। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं शराब की दुकान हटाने की मांग पर अड़ी रहीं। संवाद
तहरीर मिलने पर नियमानुसार होगी कार्रवाई : सीओ
आबकारी निरीक्षक आशुतोष तिवारी ने बताया कि दुकान में हुए नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है। दुकान हटाने की मांग से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आबकारी विभाग की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर दुकान के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें