टनकपुर हाइवे पर गुजर रही एक युवती अचानक पास के तालाब में जा गिरी। आसपास मौजूद युवकों के शोर मचाने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। बमुश्किल वाहनों की लाइट जलाकर रोशनी कर उसको बाहर निकाला जा सका, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
घटना गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। एक युवती टनकपुर हाइवे पर पैदल गुजर रही थी। टनकपुर हाइवे पर निरंजनकुंज मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक युवती पास के तालाब में गिर गई। पास खड़े कुछ युवकों ने नजारा देखा तो दंग रह गए। शोर मचाकर भीड़ को इकट्ठा किया, जिसके बाद तलाश शुरू कर दी गई। तालाब किनारे तलाशने पर युवती के न मिलने पर कुछ लोगों ने इसे मजाक भी समझा। बाद में वाहनों की लाइट जलाकर देखा तो तालाब के बीच में युवती दिखाई दी। जिस पर लोगों ने उसको बमुश्किल बाहर निकाला। खास बात रही कि युवती तालाब के आगे की ओर कैसे पहुंच गई। इसका जवाब हर कोई जानने की जुगत में लगा रहा। युवती को बाहर निकालने के बाद उसके घरवालों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में घरवाले भी आ गए, जिसके बाद उसे गौहनिया चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिवारीजन उसे घर ले गए। हादसे के चलते हाइवे पर हड़कंप मचा रहा।