पीलीभीत। नसबंदी ऑपरेशन के बाद शुक्रवार को बरखेड़ा सीएचसी में 30 वर्षीय विद्यादेवी की हालत बिगड़ गई। महिला के पति डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसी तरह से उसे समझाबुझाकर स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए भेजा। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आहत पति ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की ग्रिल से फंदा फंसा कर जान देने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने उसकी जान बचाई। हंगामा होते देख पुलिस बुलाई गई। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भैंसाई पर्वतपुर निवासी बाबी सिंह ने बताया कि उसकी 30 वर्षीय पत्नी विद्या देवी शुक्रवार को दोपहर 2:00 बजे बरखेड़ा सीएचसी में नसबंदी कराने गई थी। साथ में गांव की ही आशा बहू सुमन देवी थी। आशा बहू सुमन देवी ने बताया कि अस्पताल में नसबंदी शिविर लगा हुआ था। शिविर में में विद्या देवी को उनकी ही मर्जी से नसबंदी के लिए बुलाया था। विद्या देवी अपने मायके से अस्पताल पहुंचीं थीं। शाम करीब 6:30 बजे उनकी नसबंदी हुई। नसबंदी के बाद ही विद्या देवी की हालत बिगड़ गई। परिवार वाले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत देखने के बाद पति बॉबी सिंह जिला अस्पताल में हंगामा करने लगा। उसने जान देने का प्रयास किया। अगर लोग नहीं बचाते तो वह आत्मघाती कदम उठा लेता। सूचना पर पहुंचे सदर कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने पति को समझाया और शव को मोर्चरी में रखवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद अगली कार्रवाई होगी। सीएमओ डा. आलोक कुमार ने बरखेड़ा पहुंचकर डाक्टर से जानकारी ली और स्टाफ से भी पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह इस प्रकरण में पूरी जांच करेंगे। जांच के बाद कार्रवाई होगी।