पीलीभीत। सुनगढ़ी क्षेत्र में रविवार शाम कार की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहे युवक समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की जोशी कॉलोनी निवासी कल्पना (56) पत्नी रामचंद्र रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपनी बेटी सोमवती से मिलने जा रही थीं। सोमवती मूल रूप से बरखेड़ा क्षेत्र के अर्सियाबोझ गांव की रहने वाली है और वर्तमान में माधोटांडा रोड स्थित कल्याणपुर ईंट भट्ठे पर काम करती है। कल्पना अपने 18 वर्षीय पौत्र गिरीश पुत्र धर्मपाल और छह वर्षीय पौत्री रिया पुत्री धर्मेंद्र के साथ बाइक से वहां जा रही थीं। बाइक गिरीश चला रहा था। बताया जा रहा है कि माधोटांडा मार्ग पर एक स्कूल से करीब 200 मीटर आगे सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से बाइक में टक्कर लग गई। टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं, जबकि दोनों बच्चे भी दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। चालक कार लेकर मौके से भाग गया।
सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने कल्पना को मृत घोषित कर दिया, जबकि गिरीश और रिया का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद