जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर लगी महिलाओं की लाइन संवाद
- फोटो : mathura
पीलीभीत। तापमान के साथ ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। पर्चा, दवा और चिकित्सक कक्ष के बाहर मरीजों की लाइन लग रही है। जांच के लिए धक्का-मुक्की का नजारा दिखता है। पेट संबंधी, कमजोरी, सांस लेने में दिक्कत, बुखार-खांसी आदि के मरीज पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी 150 से ज्यादा मरीज गर्मी से होने वाली समस्याओं को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
जिले का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। दिन में गर्म हवाएं भी चल रही हैं। गर्मी की चपेट में आकर मरीज रोजाना जिला अस्पताल पहुंच रहे है।
बुधवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर सुबह से ही कतार लग गई। दोपहर दो बजे तक 1400 मरीजों की ओपीडी रही। इसमें से लगभग 150 मरीज गर्मी में ब्लड प्रेशर बढ़ना, पेट खराब, बुखार- जुकाम आदि समस्याओं से पीड़ित पहुंचे।
चिकित्सक डॉ. अभिषेक ने मरीजों को धूप में निकलने से परहेज करने की सलाह दी। बताया कि देर रात शादी-बारात का खाना नुकसान कर सकता है। ज्यादा मिर्च-मसालों का सेवन न करें। यह गर्मी में ब्लड प्रेशर के लिए खतरनाक है। तरल पदार्थ का सेवन ज्यादा करें। आवश्यक कार्य से ही दिन में घर से बाहर निकले। संवाद