न्यूरिया। गांव पंडरी में बाघ के हमले में मरे युवक का पोस्टमार्टम बरखेड़ा विधायक के हस्तक्षेप पर हो सका। इससे पहले ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर शव पुलिस की सुपुर्दगी में देने से इन्कार कर दिया।
गांव निवासी पंकज कुमार को सोमवार को बाघ ने मार डाला था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर ही उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की थी, साथ ही शव को सुपुर्दगी में देने से इन्कार कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात विधायक प्रवक्तानंद भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक के सामने जंगल के किनारे तार फेंसिंग कराने, बाघ को अभियान चलाकर ड्रोन की मदद से पकड़ने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की थी। विधायक ने आश्वासन दिया वे इस संबंध में वन विभाग के आला अफसरों से वार्ता करेंगे। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।