पूरनपुर। बै-मौसम बारिश से चमक और सुंदरता (लस्टर लॉस) खोने वाला गेहूं भी खरीदा जाएगा। केंद्रीय टीम की जांच के बाद इसे खरीद योग्य पाया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद बृहस्पतिवार से जिले के केंद्रों पर लस्टर लॉस गेहूं की खरीद भी शुरू कर दी गई।
पिछले साल व्यापारियों ने ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल तक में गेहूं खरीद कर भंडारण किया था। बाद में गेहूं का रेट बाजार में गिरने से कई व्यापारियों को मोटा नुकसान हुआ है। इसको लेकर इस बार गेहूं खरीद की शुरुआत में व्यापारियों ने गेहूं खरीद से हाथ खींच लिए। तब बाजार में किसानों को 2200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ही गेहूं की बिक्री करनी पड़ी। बारिश से पहले खेतों से कटकर आया गेहूं 2600 रुपये तक व्यापारियों ने खरीदा।
गेहूं की चमक और सुंदरता चली जाने पर बारिश के बाद कटकर आए गेहूं की खरीद केंद्रों पर नहीं हो रही थी। इससे किसान चिंतित थे। खरीद केंद्र प्रभारी खरीदे गए गेहूं के उतार में समस्या होने पर गेहूं की खरीद नहीं कर रहे थे। खाद्य और एफसीआई की ओर से संयुक्त पत्र खाद्य मंत्रालय को भेजा गया था। पिछले सप्ताह बरेली पहुंची केंद्रीय टीम ने जिले के कई खरीद केंद्रों पर पड़े लस्टर लॉस गेहूं का सैंपल लिया। एएमओ प्रदीप कुमार ने बताया कि जांच में चमक और सुंदरता खोने वाला गेहूं खरीद करने योग्य पाया गया। इसकी रिपोर्ट बुधवार देर शाम को मिलने पर बृहस्पतिवार से केंद्रों पर लस्टर लॉस गेहूं की भी खरीद शुरू करा दी गई है। संवाद