बीसलपुर। अफसरों पर गेहूं खरीद लक्ष्य हासिल करने का दबाव इस कदर है कि सोमवार को अधिकारियों ने एक गांव में व्यापारी के पास पकड़े गए गेहूं को भी बिना जांच किए ही राजकीय क्रय केंद्र पर तुलवा दिया। बताया जा है कि व्यापारी भंडारित गेहूं को बरेली ले जाने की फिराक में था। सूचना पर एसडीएम ने गेहूं भरे वाहन को पकड़ लिया।
एसडीएम नागेंद्र पांडेय के संज्ञान में आया कि गांव मीरपुर वाहनपुर में एक व्यापारी ने करीब 500 क्विंटल गेहूं एक स्थान पर भंडारित कर रखा है। व्यापारी उस गेहूं को बरेली ले जाने की फिराक में है। एसडीएम के निर्देश पर मंडी सचिव नाजिम अली और अपर विपणन अधिकारी प्रकाश नारायण मंडी के सुरक्षा कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने व्यापारी से उस गेहूं को मंडी के राजकीय क्रय केंद्र पर तुलवाने का सुझाव दिया। व्यापारी के आनाकानी करने पर अधिकारियों ने कहा कि यदि वह उसे गेहूं को मंडी के राजकीय क्रय केंद्र पर नहीं तुलवाएगा तो गेहूं सील कर दिया जाएगा। कार्रवाई के डर से व्यापारी ने उस गेहूं को लाकर मंडी के एक राजकीय क्रय केंद्र पर एक किसान के नाम पर तुलवा दिया।
गौरतलब है कि अधिकारियों ने पकड़े गए गेहूं की जांच पड़ताल करना भी मुनासिब नहीं समझा। यह भी जानने का प्रयास नहीं किया कि वह गेहूं कहां से आया था। इस बाबत अपर विपणन अधिकारी ने बताया कि गेहूं मंडी के क्रय केंद्र पर तौला गया है। इसकी सूचना एसडीम को भी दे दी गई है।