शहर के एक बरात घर में होती तैयारियां। संवाद
मांगलिक कार्यक्रमों के लिए शहर से सटे क्षेत्रों में लॉन तलाश रहे लोग
पीलीभीत। सहालग की शुरुआत से पहले ही शहर के होटल, बैंक्वेट लाॅन आदि की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। शहर के बरात घरों में कुछ शेष दिन की ही स्लॉट पर बुकिंग रह गई है। वहीं, छोटे-मोटे कार्यक्रमों के लिए लोग शहर से सटेलॉन आदि तलाश रहे हैं।
15 अप्रैल से 15 मई तक शुरू हो रहे सहालग के शुभ मुहूर्तों ने शहर में तैयारियों की रौनक बढ़ा दी है। लोग तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं, शहर के लगभग 10 से 15 प्रतिष्ठित बरात घरों, बैंक्वेट हॉल व होटलों की बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है। प्रमुख शुभ तिथियों पर एक भी स्लॉट उपलब्ध नहीं बचा है। ऐसे में जिन परिवारों ने समय रहते बुकिंग नहीं कराई, उन्हें अब सगाई, मेहंदी, हल्दी व संगीत जैसे कार्यक्रमों के लिए आसपास के छोटे हॉल, निजी लॉन तलाशने पड़ रहे हैं। शहर के डिग्री कॉलेज रोड स्थित तीन-चार बरातघरों में अप्रैल में शादियों के लिए बुकिंग फुल हो चुकी है। बीच में दो से तीन मांगलिक कार्यक्रमों की ही तिथियां शेष हैं। बरातघर संचालकों का कहना है कि बुकिंग के बाद अब तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुकिंग के आधार पर लाइटिंग आदि की व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है। संवाद