पिछले कई दिनों के कोहरे के बाद सोमवार व मंगलवार को अच्छी धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली थी। मौसम सुहावना होने से बाजार में भी रौनक थी साथ स्कूल कॉलेज खुलने की तैयारियां में शुरू हो गई, लेकिन बुधवार को सुबह एकाएक घने कोहरे ने मौसम को बदल दिया। कोहरे के साथ हल्की सर्द हवाएं भी चल रही थीं। दोपहर तक मौसम खुलने की उम्मीद थी लेकिन कोहरे कम होने पर बादल छा गए। इसके चलते पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। शाम को भी लोग जल्दी ही घरों में दुबक गए।
कोहरे के कारण धीमी पड़ीं ट्रेनें
पीलीभीत। कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन भी मामूली रूप से प्रभावित रहा। गोंडा से बरेली जाने वाली गोकुल एक्सप्रेस सुबह 4.10 बजे के स्थान पर लगभग पांच घंटे देरी से 8.40 बजे पीलीभीत पहुंची।
बीसलपुर। बुधवार को सुबह घना कोहरा होने के कारण यहां से पीलीभीत और शाहजहांपुर जाने वाली ट्रेनें अपेक्षित गति नहीं पकड़ पाईं। सुबह से दोपहर तक दोनों ओर जाने वाली ट्रेनें धीमी गति में गईं।