पीलीभीत। तराई के जिले में शीतलहर का कहर और बढ़ गया है। शुक्रवार को दोपहर में कोहरा छंटने के बाद धूप खिली लेकिन बर्फीली हवा के चलते ठिठुरन बनी रही। इस बीच न्यूनतम तापमान में कुछ और गिरावट दर्ज की गई।
सुबह के समय वातावरण में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दोपहर तक सूरज नहीं चमका। बाद में कोहरा छंटने पर धूप खिली लेकिन बर्फीली हवा के चलते ठिठुरन बनी रही। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि शुक्रवार को जिले में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बृहस्पतिवार को यह 4.2 डिग्री रहा था। अधिकतम तापमान 14.1 से बढ़कर 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डाॅ. ढाका के अनुसार अभी अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। सुबह और शाम को कोहरा आता रहेगा। बीच-बीच में दोपहर के समय हल्की धूप खिलने की संभावना रहेगी। उन्होंने बताया कि बर्फीली हवा चलने के कारण शीतलहर बनी हुई है।