अमरिया क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में छतिग्रस्त हुई मोटरसाइकिल। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
अमरिया/पीलीभीत। वाशिंग सेंटर संचालक 42 वर्षीय शमशुल हसन खां की बाइक और सामने से आ रही कार में भिड़ंत हो गई। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल बाइक चालक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
अमरिया कसबा निवासी कमरूल हसन ने बताया कि उनके पिता शमशुल हसन खां का कसबे में ही नेशनल हाईवे किनारे वाशिंग सेंटर है। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे पिता सेंटर खोलने के बाद बाइक से पेट्रोल पंप पर डीजल लेने जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर धर्मकांटा के पास सितारगंज की ओर से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि दोनों वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घायल पिता को अस्पताल ले गए। इससे पहले ही उनकी मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। टक्कर होने के बाद कार मौके पर छोड़कर चालक भाग गए। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।