लापरवाह पर्यवेक्षकों और बीएलओ को जारी किए जा रहे नोटिस
एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने बताया कि एसआईआर का कार्य करने में लगे कुछ पर्यवेक्षक और बीएलओ लापरवाही कर रहे हैं। उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं। इस कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुरानी और नई वोटर लिस्ट में नाम न मिलने से काट रहे चक्कर
बरखेड़ा में पुरानी नई वोटर में नाम न मिलने से लोगों को कई बार चक्कर काटने पड़ रहे। बीएलओ का स्थायी तौर पर न बैठना भी एक समस्या बना है। घर-घर जाने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई। लोगों को असुविधा न हो इसके लिए जनता इंटर कॉलेज में शिविर लगाकर बीएलओ फार्म भरवाने का कार्य करते रहे। पूरे कस्बे की वोटर लिस्ट को एक दीवार पर चस्पा है। लोगों से अपने नाम को ढूंढ कर लाने को कहा गया।
ऐसे में अशिक्षित लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। नायब तहसीलदार परितोष द्विवेदी ने बताया कि कुछ परेशानी को देखते हुए शनिवार को सभी बीएलओ को एक जगह एकत्र कर दिया है। अनपढ़ लोगों की सुविधा के लिए रविवार से लेखपाल और सफाई कर्मी को तैनात किया जाएगा। अब तक 456 फार्मों को एकत्र कर लिया है।
मोहम्मद रियाज ने कहा कि वह वार्ड संख्या 10 के निवासी हैं। घर पर कोई फार्म नहीं पहुंचा है। दो दिन से पता लगा रहे हैं लेकिन वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिल रहा। भुनगा देवी ने कहा कि वार्ड संख्या दो की सूची में नाम नहीं मिल पा रहा है। दो दिन हो गए हैं। इसलिए परेशानी है। इसका समाधान कराया जाना चाहिए। नत्थूलाल ने कहा कि मेरा नाम भी सूची में नहीं मिल सका है। वार्ड संख्या तीन में रहता हूं। बीएलओ एक से दूसरे काउंटर पर भेज देते हैं।
घुंघचाई: फॉर्म भरने में हो रही दिक्कत
घुंघचाई क्षेत्र में एसआईआर के तहत फॉर्म का वितरण कर दिया गया है। अनेक लोगों को फॉर्म के कॉलम समझ में नहीं आ रहे हैं। बीएलओ के माध्यम से घर-घर लोगों के फॉर्म बांटे गए हैं। कई लोगों का कहना है कि फॉर्म को भरने में दिक्कतें हो रही हैं। रामबाबू ने कहा कि चुनाव आयोग का यह कार्य ठीक तो है लेकिन फॉर्म भरने में दिक्कत आ रही है। इस दिक्कत को दूर कराया जाना चाहिए। जसवीर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण तो सही है। दो फॉर्म दे दिए गए हैं। उनके भरने में समस्याएं आ रही हैं। लोग फर्म को भरवाने के लिए भटक रहे हैं।