पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज से अवैध तरीके से घास निकासी का मामला अभी थमा नहीं था कि सोमवार शाम को दियूरियां रेंज से अवैध तरीके से घास निकासी का वीडियो वायरल हो गया। प्रतिबंध के बावजूद जंगल से घास निकासी के मामले में मुख्य वन संरक्षक ने फील्ड डायरेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
टाइगर रिजर्व पिछले कुछ दिनों से जंगल की जमीन पर अवैध कब्जे, कटान और नियम विरुद्ध मछली पालन का ठेका देने को लेकर सुर्खियों में है। इनके बावजूद वन अफसर खामोश बैठे हैं। हाल ही में माला रेंज में मिलीभगत से अवैध तरीके से घास निकासी का मामला प्रकाश में आया था। इसके बावजूद इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इधर सोमवार शाम दियूरिया रेंज से घास निकासी का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो में ट्रॉली पर सवार युवक यह कहते दिखा कि वह दियूरिया रेंज से घास लेकर आया है। इस मामले को वन अफसरों ने संज्ञान में तो लिया, मगर कोई कार्रवाई नहीं की। इधर मंगलवार को आए मुख्य वन संरक्षक ललित वर्मा को जब इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए।
जंगल से घास निकासी के मामले की जानकारी मिली है। रेंजर ने खुद की गलती स्वीकारी है। एफडी को पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। - ललित वर्मा, मुख्य वन संरक्षक, बरेली वृत्त