पूरनपुर। साइबर ठगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब खुद कोतवाल भी इनकी जद में आ गए। कोतवाल की फेसबुक आईडी हैक करके जालसाज ने उनके परिचितों को मेसेज भेजकर जरूरत का हवाला देते हुए रुपये उधार मांगे। शक होने पर परिचितों ने कोतवाल से पुष्टि की तो इसका पता लगा। फिर कोतवाल ने परिचितों को मेसेज भेजकर अलर्ट किया। अब आरोपी का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। चार माह पहले भी कोतवाल की आईडी इसी तरह से हैक की गई थी।
लॉकडाउन के बाद से ही सोशल मीडिया पर आईडी हैक करके ठगी के मामले बढ़ गए हैं। पहले जालसाज सीओ के पेशकार, अधिवक्ता, गन्ना आयुक्त, बिलसंडा, सेहरामऊ एसओ, कोतवाल समेत कइयों की फेसबुक आईडी हैक कर चुके हैं। गन्ना आयुक्त की फेसबुक आईडी हैक होने पर डीसीओ की ओर से पीलीभीत में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सितंबर में कोतवाल की फेसबुक आईडी हैक होने पर पुलिस के हाथ जालसाज का मोबाइल नंबर भी लगा था। सर्विलांस से जानकारी जुटाई तो नंबर छत्तीसगढ़ में चलता निकला। कुछ दिन बाद सिम बंद होने पर पुलिस शिकंजा नहीं कस सकी थी। अब एक बार फिर जालसाजों ने कोतवाल की फेसबुक आईडी हैक कर ली। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि कुछ परिचितों के फोन आने पर उन्हें आईडी हैक होने का पता चला था। सभी को मेसेज भेजकर अलर्ट कर दिया है। साइबर सेल से पड़ताल करा रहे हैं।