जिला अस्पताल के बाहर पर्चा बनवाने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : अहमद रजा
पीलीभीत। बीते कुछ दिन की बरसात से जहां मौसम साफ होने के बाद भीषण ठंड से लोगों को राहत मिली। वही मौसम के बदलाव से काफी लोग वायरल बुखार की चपेट में आ गए। मौसम बदलाव से बुधवार को सबसे ज्यादा वायरल बुखार सहित प्रतिरोधक क्षमता कम होना (थकावट), खांसी-जुकाम के मरीज सर्वाधिक देखे गए, वहीं भीड़ बढ़ने के चलते जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक भीड़ के चलते मरीजों को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। बुधवार को ऐसे में ओपीडी की संख्या 1600 के करीब पहुंच गई।
कुछ दिनों से जिले में लगातार बरसात हो रही है। इससे मौसम साफ होने के साथ तापमान भी बढ़ा है। बरसात ने जहां भीषण ठंड से लोगो को राहत पहुंचाई। वहीं मौसम बदलाव से वायरल बुखार के मरीज बढ़ गए। बुधवार सुबह भी बूंदाबांदी के बीच सुबह आठ बजे से ही मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। परामर्श पर्चा खिड़की एक बंद होने के चलते खिड़की संख्या दो पर पुरुष व महिलाओं की लंबी कतार लगी। पहले पर्चा बनवाने के लिए मरीजों में धक्कामुक्की भी देखी गई।
ओपीडी कक्ष के बाहर जमकर मरीजों की कतार लगी रही, जहां चिकित्सक डॉ. महावीर ने मौसम के बदलाव से वायरल बुखार, प्रतिरोधक क्षमता कम होने के 400 से अधिक मरीज देखे। चिकित्सक ने जरूरी परामर्श के साथ कुछ मरीजों को खून जांच की भी सलाह दी। 1600 मरीजों की ओपीडी होने से जिला अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं से मरीजों को खासा परेशानियों को सामना झेलना पड़ा। संवाद