परिवार से विवाद के बाद मंगलवार रात से लापता थे नौगवा पकड़िया निवासी सूरज
पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के नाैगवां पकड़िया गांव निवासी सूरज श्रीवास्तव का शव बुधवार शाम घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर आगे देवहा नदी में मधुडांडी गांव के पास एनडीआरएफ की टीम ने खोज लिया। सुबह नदी किनारे उनकी चप्पल मिलने पर डूबने की आशंका में तलाश शुरू की गई थी। शव मिलने की सूचना पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक जताया व हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नौगवां पकड़िया निवासी सूरज श्रीवास्तव मंगलवार रात परिवार से किसी बात से खफा होकर करीब आठ बजे घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास और परिचितों के यहां जानकारी की, लेकिन सूरज का कोई पता नहीं चल सका। रात में काफी देर तक तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर परिजन बुधवार तड़के दोबारा उनकी खोजबीन में जुट गए। इस दौरान परिजन जब देवहा नदी के किनारे पहुंचे तो वहां सूरज की चप्पल पड़ी मिली। चप्पल देखते ही परिजनों को आशंका हुई कि कहीं सूरज नदी में न उतर गए हो।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर तलाश शुरू की। गोताखोर नदी में उतरे, लेकिन मगरमच्छ के हलचल के कारण सभी लोग नदी से बाहर आ गए। इसके बाद पुलिस ने विशेषज्ञ टीम की मदद से तलाश कराने का निर्णय लिया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि ग्रामीण का शव मिल गया है। संवाद
-
परिवार से विवाद के बाद निकले थे घर
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मंगलवार शाम सूरज का किसी बात को लेकर परिवार के लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गए थे। हालांकि, उन्हें किसी ने नदी में कूदते हुए नहीं देखा है। ऐसे में पुलिस फिलहाल नदी किनारे चप्पल मिलने के आधार पर डूबने की आशंका को ध्यान में रखते हुए उनकी तलाश कर रही है।