पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। एसएसबी के साथ पुलिस की टीमें सीमा पर निगरानी में जुटी हैं। कच्चे रास्तों से आवागमन के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने पर जोर दिया जा रहा है। अफसर भी सीमा क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए हैं।
नेपाल की सीमा जनपद से मिली हुई है। खुली सीमा होने के साथ जंगल का बीहड़ क्षेत्र होने से अवैध गतिविधियों की संभावना बनी रहती है। इसको लेकर एसएसबी के अलावा पुलिस और वन विभाग की टीम बॉर्डर क्षेत्र में नजर रखती हैं। पूर्व में ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बाद सीमा क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया था। एसएसबी के अलावा पुलिस अफसरों ने अतिरिक्त फोर्स को भेजकर सीमा सुरक्षा को प्रभावी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से बॉर्डर क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त को अंजाम दिया जा रहा है। इधर सीमा पर अवैध गतिविधियों को लेकर नियमित रूप से सतर्कता बरती जा रही है।
हकीकत को परखने के लिए आधार कार्ड को भी चेक किया जा रहा है। माधोटांडा और हजारा क्षेत्र में पुलिस की टीमें एसएसबी के साथ प्रभावी रूप से निगरानी में जुटी हैं। एसपी अभिषेक यादव का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की टीमें एसएसबी के साथ संयुक्त रूप से चौकसी में जुटी हुई हैं। माधोटांडा और हजारा थाना पुलिस को सीमा पर प्रभावी रूप से नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।