पीलीभीत। जेल में बंद अपनों का हालचाल जानने के साथ ही उन्हें देखने का भी मौका मिल सकेगा। 15 दिन में एक बार तीन मिनट की वीडियो कॉल की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। जेल प्रशासन ने इसका आदेश जारी कर दिया है।
जेल अधीक्षक अनूप मानव शास्त्री ने बताया कि लॉकडाउन में जेल में बंदियों से मुलाकात बंद चल रही है। अभी तक फोन पर सप्ताह में दो बार बात कराई जा रही थी। बंदी मुलाकात न होने से अवसाद ग्रस्त न हो, इसके लिए वीडियो कॉल कराई जाएगी। बंदी-कैदियों के माता-पिता, पुत्र-पुत्री, भाई-बहन और पति-पत्नी को ही अनुमति दी गई है। इसकी बुकिंग आईडी videocalljailpbt@gmail.com पर प्रार्थना पत्र और आधार कार्ड अपलोड करके सुबह आठ से 10 बजे तक परिजन करा सकेंगे। वीडियो कॉल दोपहर 12 से दो बजे के बीच कराई जाएगी। इसके अलावा ऑडियो कॉल की व्यवस्था पूर्व की भांति चलती रहेगी। संवाद