पीलीभीत। डग्गामार वाहनों के संचालन के विरोध में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, वैन चालक भी इसको लेकर अफसरों पर दबाव बना रहे हैं। अब इन वैन संचालकों को मंडी समिति के आसपास भूमि दी जाएगी। जहां से इनका संचालन होगा। नौगवां चौराहे से वैन का संचालन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
नौगवां चौराहे से डग्गामार वाहन व वैन के संचालन से रोडवेज की आय पर असर पड़ रहा है। ऐसे में रोडवेज डिपो के संविदा चालक-परिचालक के मानदेय में कटौती होती है। चालक-परिचालकों ने कुछ दिन पूर्व जन जागरण अभियान के तहत जुलूस निकालकर डीएम को ज्ञापन दिया था।
इसके बाद से नौगवां चौराहे से वैन संचालन पर रोक लग गई। इसके बाद वैन संचालकों ने एआरएम पर आरोप लगाते हुए थाने के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन और विरोध को देखते हुए अफसरों ने निजी वाहन स्वामियों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। बैठक में तय हुआ है कि वैन संचालक नौगवां से वाहनों का संचालन नहीं करेंगे। उन्हें मंडी समिति के पास जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि रोडवेज डिपो की परिधि में इनका संचालन हो रहा है। इससे डिपो की आय प्रभावित हो रही है। अब इन्हें प्रशासन की ओर मंडी समिति के पास जमीन दी जाएगी। नौगवां से इनका संचालन नहीं होगा।