शिकायत मिलने के बाद डीएम ने जांच के दिए निर्देश
पीलीभीत। कांवड़ियों की सेवा के लिए मंडी समिति में भोले कांवड़िया संघ की ओर से लगाए गए भंडारे में रविवार रात पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से प्रसाद का सैंपल लेने की बात पर हंगामा हो गया।
संघ के पदाधिकारियों और मौजूद लोगों ने उसकी पहचान और सैंपल लेने का आधार पूछा। विरोध बढ़ने पर टीम वहां से चली गई। घटना की जानकारी संघ के पदाधिकारियों ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को दी। सूचना पर डीएम मंडी समिति पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले खाद्य सुरक्षा अधिकारी वहां से जा चुके थे। डीएम ने अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हंगामे की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद स्थिति सामान्य हुई और भंडारा दोबारा शुरू करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाते हैं। भोले कांवड़िया संघ के राजेश अग्रवाल ने बताया कि युवक खुद को खाद्य विभाग का कर्मचारी बताते हुए प्रसाद का सैंपल लेने पहुंचा था। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। डीएम ने बताया कि मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। संवाद