पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
पीलीभीत में बीसलपुर- बरेली मार्ग पर बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गोवल के समीप पेट्रोल पंप के निकट शनिवार देर रात किसी भारी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
बीसलपुर कोतवाली के गांव पतीपुरा निवासी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि उनका पुत्र सेवाराम (30 वर्ष) शनिवार देर रात बाइक से बीसलपुर से गांव लौट रहा था। बाइक गांव का ही अरविंद कुमार (35) पुत्र ईश्वरी प्रसाद पाल चला रहा था। बरेली मार्ग पर बीसलपुर और गांव गोवल के बीच पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आकर दोनों लोग गंभीर घायल होकर बेहोश हो गए। जब काफी देर तक दोनों युवक घर नहीं लौटे तो घर वाले उन्हें ढूंढने निकले।
घरवालों को दोनों युवक बेहोश पड़े मिले। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया ,जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घरवालों से मिली सूचना के आधार पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिए। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।