पीलीभीत के मझोला क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसा हो गया। फर्रुखाबाद से पूर्णागिरि धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे कार में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। छह लोग घायल हुए हैं।
पूर्णागिरि जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पीलीभीत-टनकपुर हाईवे पर मझोला के समीप पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार फर्रुखाबाद जिले के थाना मऊ दरवाजा के गांव खारबंदी कुइयां बूट निवासी दो महिलाओं की मौत हो गई। छह लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी न्यूरिया पहुंचाया। यहां से इन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
गांव खारबंदी कुइयां बूट निवासी जोगिंदर सिंह परिवार के साथ शुक्रवार की शाम अपने घर से उत्तराखंड के टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि में दर्शन-पूजन करने के लिए निकले थे। रात करीब दो बजे उनकी कार पीलीभीत-टनकपुर मार्ग पर न्यूरिया थाना क्षेत्र में मझोला से पहले अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
पुलिस ने घायलों को कार से निकाला
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची थाना न्यूरिया पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकलवाया। तुरंत ही इन्हें न्यूरिया सीएचसी भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने रत्नेश राठौर (40) पत्नी जोगिंदर सिंह और पुष्पा देवी (61) पत्नी अजयपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में अंकुर (24), जोगिंदर सिंह (45), मोहिनी (22), अनुराग (18), नव्या (12) और सात माह की अनन्या घायल हो गई। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया गया। थानाध्यक्ष रूपा बिष्ट ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मृतक महिलाओं का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों का उपचार चल रहा है।