शहर का रोडवेज बस स्टैंड।फाइल फोटो
पीलीभीत। शहर में रोडवेज बस अड्डे के निर्माण के लिए जमीन मिल गई है। बस अड्डा और वर्कशॉप का निर्माण पीलीभीत-टनकपुर हाईवे पर शहर से सटे दियूनी केसर (मोमिनगंज) में कराया जाएगा।
राज्यपाल ने इस जमीन को परिवहन विभाग के नाम देने की स्वीकृति दे दी है। बस अड्डे के लिए लंबे समय से जमीन की तलाश हो रही थी। गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के प्रयासों के बाद अब जगह की तलाश पूरी हुई है।
शहर में एकता सरोवर पार्क के पास रोडवेज बस अड्डा संचालित हो रहा है। इसी परिसर में वर्कशॉप भी है। मौजूदा समय में पीलीभीत डिपो से 112 बसों का संचालन किया जाता है।
बस अड्डा परिसर में जगह न होने से अधिकांश बसें ईदगाह जाने वाली सड़क पर खड़ी रहती हैं। इस वजह से जाम की स्थिति बनती है। बसों का संचालन भी सही ढंग से नहीं हो पाता।
बरेली, टनकपुर और अन्य स्थानों के लिए जाने वाली अधिकांश बसें नौगवां चौराहे पर खड़ी रहती हैं। बस अड्डा निर्माण के लिए लंबेे समय से जमीन की तलाश हो रही थी। कई स्थानों पर जमीन देखी भी गई, लेकिन बात बनी नहीं। अब दियूनी केसर में जमीन चिह्नित की गई है।