अवैध सीमेंट का प्रयोग करने की शिकायत के बाद ठेकेदारों को थाने ले जाती पुलिस । जागरूक पाठक
बिलसंडा। नगर पंचायत की ओर से जिन नालों का निर्माण कराया जा रहा है, उसमें अवैध सीमेंट का उपयोग करने के आरोप में बृहस्पतिवार को सीमेंट कंपनी के अफसरों ने छापा मारा। नाट फॉर सेल लिखे सीमेंट के कट्टे दो ट्रकों में पकड़े गए। दोनों ट्रकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। नाला निर्माण में जुटे ठेकेदारों को पुलिस बुलाकर पकड़वा दिया। मामले की जांच के लिए जीएसटी अफसरों को सूचित किया गया है।
श्री सीमेंट कंपनी के रामेंद्र सिंह और सेल्स प्रमोटर राकेश कुमार मिल रही शिकायतों के बाद बिलसंडा पहुंचे। दो ट्रक सीमेंट जहां उतर रहा था, वहां छापा मारा। अफसरों ने बताया कि ठेकेदारों की ओर से जो सीमेंट लगाया जा रहा है, उनके बैग पर नॉट फॉर सेल लिखा है। ये सीमेंट कंपनी बड़े प्रोजेक्टों को एक बार ही मुहैया कराती है। इसकी पुनः बिक्री अवैध है।
उन्होंने नगर में कई जगहों पर इस सीमेंट का उपयोग किए जाने की सूचना मिलने की बात कही। इसी के चलते कंपनी के अधिकारियों ने नगर से दो ट्रक सीमेंट छापा मारकर पकड़ लिया। पूरे मामले में जीएसटी अधिकारियों से जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। इसके लिए जीएसटी अफसरों को सूचित भी किया गया है।
ठेकेदारों के अनुसार, उन्होंने सीमेंट नगर के व्यवसायी संजीव अग्रवाल के माध्यम से शाहजहांपुर जिले से खरीदा था। शिकायत के बाद पुलिस ने ठेकेदार मोहम्मद कमर और अवनेंद्र उर्फ खुशीराम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि जीएसटी अधिकारी को सूचना दी गई है। ट्रक कब्जे में हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।