बरखेड़ा। जिरौनिया चौकी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चाैकी के पास ही बृहस्पतिवार रात फर्जी नंबर प्लेट लगी ईको वैन से दो जीवित कछुए बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
बीसलपुर की ओर से आई वैन की तलाशी में प्लास्टिक की बाल्टी में दो जीवित कछुए मिले। दोनों प्रतिबंधित प्रजाति के हैं। आरोपियों ने बताया कि वे कछुओं को शाहजहांपुर से खरीदकर नेपाल बॉर्डर पर ऊंचे दाम में बेचने ले जा रहे थे। चालक वीरेंद्र निवासी खैरुल्ला शाह, थाना कोतवाली पीलीभीत के साथ सलीम और हनीफ निवासी भिकारीपुर सवार थे। तीनों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपियों पर विधिक कार्रवाई की गई है। वन क्षेत्राधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद कछुओं को प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। संवाद