चार से छह अगस्त तक आगरा में होगी प्रतियोगिता, बेहतर प्रदर्शन के दम पर मिला प्रदेश टीम में स्थान
पीलीभीत। जिले की दो जूनियर महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाकर जिले का मान बढ़ाया है। चार से छह अगस्त तक आगरा में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय जूनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। चयन की सूचना मिलने के बाद खिलाड़ियों, उनके परिजनों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है।
जिला क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार गौड़ ने बताया कि हाल ही में बरेली मंडलीय चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। इसके आधार पर दोनों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी, जहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। महिला खिलाड़ी दिव्या व चाहत ने बताया कि उन्होंने गांधी स्टेडियम में ही कबड्डी टीम बनाकर कबड्डी अभ्यास किया है। इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की।
जिला स्तरीय व मंडलीय स्तरीय ट्रायल के बाद उनको यह मौका मिला है। जिसके लिए वह लगातार अभ्यास करेंगी व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मंडल व जिले का नाम रौशन हो, इसका पूरा प्रयास करेंगी। संवाद