पीलीभीत। तेज रफ्तार बजरी भरे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। इसमें युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
थाना अमरिया क्षेत्र के गायबोझ पुलिया के समीप रेता बजरी लदे ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार मंशा (22) पत्नी शारीफ निवासी मजलिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान एक अन्य बाइक सवार भी ट्रक में पीछे से टकरा गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई। सूचना पर थानाध्यक्ष अमरिया ब्रजवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद