पूरनपुर सीएचसी में लगी भीड़ -संवाद
सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में हुआ हादसा, घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज
पूरनपुर। कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार सेहरामऊ के केसरपुर गांव निवासी मोहम्मद हुसैन और कार चालक वनरक्षक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के जंगल के निकट हुआ। सेहरामऊ के केसरपुर गांव निवासी बदरुद्दीन (35) अपने रिश्ते के भाई मोहम्मद हुसैन (27) के साथ रविवार को सिलाई मशीन की मरम्मत कराने के लिए शाहजहांपुर के खुटार गए थे। शाम को बाइक से घर लौटते समय हीरपुर गांव के निकट बाइक की कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए, जबकि कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीराें की मदद से घायलों को सीएचसी पूरनपुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद हुसैन को मृतक घोषित कर दिया।
कार चालक की पहचान रोहित मिश्रा (30) निवासी प्रतापगढ़ के रूप में हुई। रोहित लखीमपुर के बिलराया क्षेत्र में वन रक्षक के पद पर तैनात हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कार चालक वन रक्षक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी इलाज के दाैरान माैत हो गई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घायल को अस्पताल भिजवाया गया है।
एक अन्य हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल
सिमरिया निवासी अखिलेश कुमार ट्रैक्टर चालक हैं। रविवार शाम वह बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह घायल हो गया। सिमरिया मुजफ्फरनगर मार्ग पर घायल अवस्था में पड़ा देख राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी और उसे सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। संवाद